संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 17 वर्षीय छात्रा को शादी का झांसा देकर उसी के स्कूल में पढ़ने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी छात्रा का पड़ोसी है। पुलिस ने आरोपी तौफिक पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में किशोरी ने बताया कि वह गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ती है। उसी स्कूल में उसका पड़ोसी तौफिक भी पढ़ता था। जिसके चलते उससे बातचीत होने लगी। आरोपी ने उसे बातों में उलझाकर दोस्ती कर ली और शादी का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाया। आरोपी उसके घर के पास ही एक कमरे में लेकर गया।
वहां उसके साथ गलत काम किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा। वह उसे समाज में बदनाम करने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा। लगभग छह माह तक आरोपी उसके साथ गलत काम करता रहा।
मंगलवार को किशोरी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। थाना प्रबंधक कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए महिला उप निरीक्षक मेनका की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तौफिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।