छछरौली। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने पड़ोसी मुशरफ पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। जिसे वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उससे लगातार दुष्कर्म करता है। महिला ने आरोपी के परिजनों पर मारपीट का आरोप भी लगाया है। महिला की शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने आरोपी मुशरफ समेत उसके परिवार के सात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पड़ोसी मुशरफ बिजली रिपेयर की दुकान करता है। जनवरी माह में आरोपी उसके घर पर आया। जहां उसने धोखे से नशीला पदार्थ दिया। जब वह बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो व फोटो भी बना ली। आरोप है कि इस वीडियो व फोटो को वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। तीन जुलाई को वह घर पर अकेली थी। तभी रात को आरोपी ने उसे फोन किया। उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने जबरन दरवाजा खुलवाया। इसके बाद आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ गलत काम किया। किसी को कुछ बताने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। आरोप है कि अगले दिन सुबह आरोपी के परिजन उनके घर पर पहुंच गए और उससे गाली गलौज व मारपीट की। उन्होंने उस पर मुशरफ को नहर में डुबोकर मारने का आरोप लगाया। जबकि आरोपियों ने खुद ही मुशरफ को कहीं पर छिपाया था, वह दो दिन बाद वापस आ गया। आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। थाना प्रभारी रोहताश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।