संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चैत्र नवरात्र आज से शुरू हो रहे हैं। जिसको लेकर पूज्य श्री ज्वाला माता जी मंदिर आईटीआई ससौली रोड में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर को बहुत ही सुंदर और भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। मंदिर में प्रथम नवरात्र को सुबह पांच बजे ध्वजा परिक्रमा निकाली जाएगी। जिसके पश्चात परम पूज्य श्री ज्वाला माता तप एवं जन कल्याण के लिए एकांतवास में जाएंगी।
इसी दिन श्री मंदिर में श्री रामायण पाठ का आरंभ किया जाएगा। मंदिर से सेवक रसिक और समर्पित ने बताया की नवरात्रों में श्री ज्वाला माता मंदिर में प्रतिदिन सुबह साढ़े पांच बजे से दुर्गा स्तुति का पाठ होगा। दोपहर एक बजे से मां शाकुंभरी चालीसा का पाठ और रात्रि आठ बजे से दुर्गा अमृतवाणी का पाठ किया जाएगा।
पांच अप्रैल दिन शनिवार को देवी मां की अष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। इसी दिन सुबह आठ बजे कन्या पूजन होगा और रात साढ़े नौ बजे मां भगवती का जागरण प्रारंभ हो जाएगा। 06 अप्रैल दिन रविवार को सुबह चार बजे पूज्य ज्वाला माता जी के एकांतवास से आकर दर्शन और शुभ आशीर्वाद संगत को प्राप्त होगा। दशमी तिथि को पूज्य ज्वाला माता के तपस्या स्थली के दर्शन का अवसर संगत को सुबह साढ़े चार बजे से होंगे। इसके पश्चात श्री खेत्री विसर्जन यमुना घाट पर किया जाएगा। सेवक समर्पित और रसिक ने संगत से अनुरोध किया है पूरे नवरात्रे भक्तिमय माहौल में श्री मंदिर में प्रतिदिन आकार पूजा पाठ करे अपने जीवन को सफल बनाए।