नालागढ़ में सामुदायिक केंद्र के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ करने पहुंची मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मं
- फोटो : गौसपुर स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के गेट पर बनी दुकान।
जगाधरी। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-एक स्थित नालागढ़ गांव के सामुदायिक केंद्र का नगर निगम की ओर से करीब 21 लाख 51 हजार रुपये से नवीनीकरण कराया जाएगा। बुधवार को मेयर सुमन बहमनी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, मार्केट कमेटी जगाधरी के चेयरमैन विपुल गर्ग, आयुष विभाग के पूर्व निदेशक सतपाल बहमनी व पार्षद रीना रस्तोगी के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम की ओर से क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इसके नवीनीकरण की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। नवीनीकरण के बाद लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और केंद्र अधिक आकर्षक व सुविधाजनक बनेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों और गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
मार्केट कमेटी चेयरमैन विपुल गर्ग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने में जुटी हुई है। आने वाले समय में क्षेत्र में अन्य विकास योजनाएं भी लागू की जाएंगी। पार्षद रीना रस्तोगी ने मेयर और पूर्व मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सामुदायिक केंद्र के नवीनीकरण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इस मौके पर सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, कनिष्ठ अभियंता गगन संधू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।