छछरौली के नायब तहसीलदार आनंद रावल की सूचना देने वाले को पुलिस एक लाख रुपये का ईनाम देगी। यह घोषणा रविवार को डीएसपी जगाधरी अजय राणा ने की।
उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार की तलाश में पुलिस टीम लगातार छापामारी कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने नायब तहसीलदार के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।
सदर थाना प्रभारी निर्मल का कहना है कि पुलिस की तीन टीमें लगातार मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सभी टीमें डीएसपी जगाधरी के नेतृत्व में काम कर रही हैं।
पुलिस को जहां पर भी नायब तहसीलदार के संबंध में कोई सूचना मिलती है, तुरंत दबिश दी जाती है, लेकिन अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई सफलता हाथ नहीं लग पाई है।
पुलिस उत्तरप्रदेश के अलावा आसपास के अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस को भी अलर्ट रहने के लिए कहा है। बीते शनिवार को छछरौली के नायब तहसीलदार आनंद रावल की कार पंजेटो गांव के पास खेत में खड़ी मिली थी, लेकिन नायब तहसीलदार अभी तक नहीं मिले।
पुलिस ने नायब तहसीलदार के रिश्तेदार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ने पुलिस कप्तान से मिलकर आनंद रावल के अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार करने की मांग की थी।
पुलिस कप्तान ने परिजनों को समय दिया था, लेकिन आज समय सीमा खत्म होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली के खाली ही हैं। परिजनों ने आनंद रावल के अपहरण में कांग्रेस के एक बड़े नेता और एसएचओ पर आरोप लगाया था।