पुराना सहारनपुर रोड स्थित श्री लज्जाराम राइस मिल के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और स्कूटर चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने चौकीदाराें को एक कमरे में बंद कर दिया। शहर पुलिस ने राइस मिल के संचालक प्रमोद कुमार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शहर पुलिस को दी अपनी शिकायत में राइस मिल संचालक प्रमोद कुमार ने कहा कि बीती रात राइस मिल के एक कमरे में चौकीदार सोए हुए थे। देर रात अज्ञात चोर राइस मिल में घुस आए।
उन्होंने चौकीदारों के कमरे का बाहर से कुंडा लगा दिया और इसके बाद दफ्तर का ताला तोड़कर तीन हजार की नकदी तथा एक स्कूटर चोरी करके फरार हो गए। सुबह जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्हें वहां पर सामान बिखरा मिला।
कुंडा खोलकर उन्होंने चौकीदारों को बाहर निकाला और मामले की सूचना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।