जठलाना में रविवार देर रात 12 बजे गांव उन्हेड़ी निवासी टैक्सी चालक राजसिंह राणा उर्फ बिटटू (35) का खून से लथपथ शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पास में मृतक की बाइक पड़ी हुई थी। मृतक के भाई का कहना है कि जून माह में गांव के ही राजीव का किसी के साथ झगड़ा हुआ था। जिसमें राजसिंह ने समझौता करवाया था। इसी रंजिश में राजीव ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सिर में रॉड से वारकर राजसिंह की हत्या की है।
भाई ने बताया कि आरोपी आधी रात घर आए और बरामदे में लटकी कार की चाबी को उठाकर राजसिंह की कार को ले गए। हमने जब उनका पीछा किया तो जठलाना में सड़क किनारे पड़े राजसिंह के शव को देखा। तब आरोपी शव को कार में रखकर सिविल अस्पताल ले जा रहे थे। जहां डॉक्टर ने उसकी मौत होने की पुष्टि की। मृतक के परिजनों ने तीनों आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाया है। जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
शाम छह बजे घर से बुलाकर ले गया था राजीव, पहले शराब पिलाई, फिर उतारा मौत के घाट : गांव उन्हेड़ी निवासी सुरेंद्र राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की शाम को छह बजे गांव उन्हेड़ी निवासी राजीव उसके भाई राज सिंह को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। जिसके बाद राजीव राणा, जठलाना के ही रजत राणा व यूपी के सरसावा निवासी प्रवीण गुर्जर ने उसके भाई राजसिंह को जठलाना में शराब पिलाई। इसके बाद उसकी किसी रॉड से वारकर हत्या की। रात को राजीव राणा उनके घर आया और घर के बरामदे में लटकी कार की चाबी को उठाकर राजसिंह की कार को ले गया। इस दौरान राजीव राणा ने उनके परिजनों को बताया कि राज सिंह बाइक से गिरकर घायल हो गया है। जिसे वह लोग अस्पताल ले जा रहे हैं। उस समय कार में राजीव, रजत व प्रवीण थे। तीनों गाड़ी लेकर चले गये। जिसके बाद उसने तीनों का बाइक से पीछा किया। जठलाना में सड़क किनारे पड़े उसके भाई के शव को तीनों ने कार में रखा। इस दौरान तीनों उसके भाई को कार से यमुनानगर की ओर ले जा रहे थे तो उसने कार को रुकवाया तो राज सिंह कार में मृत पड़ा हुआ था।
झगड़े के बाद राजसिंह ने करवाया था राजीव का समझौता : सुरेंद्र राणा ने बताया कि जून माह में राजीव के साथ किसी का झगड़ा हो गया था। जिसके बाद मामला थाना जठलाना में गया। इस मामले में उसके भाई राजसिंह व गांव के लोगों ने बीच बचाव कर राजीनामा करवा दिया। तभी राजीव उसके भाई राजसिंह से रंजिश रखता था। पंचायत का समझौता होने के बाद राजीव व उसके साथियों ने उसके भाई राजसिंह के साथ बोलचाल बंद कर दी। रविवार की रात को महीनों बाद राजीव व उसके साथी रंजिशन उसके भाई राजसिंह अपने साथ ले गये और उसकी हत्या कर दी। रंजिशन उसके भाई की हत्या को अंजाम दिया गया है।
मृतक राज सिंह दस साल का एक लड़का मनदीप उर्फ मन्नू व आठ साल की लड़की सरस्वती उर्फ काकी का पिता था। मृतक के दोनों बच्चे गांव उन्हेड़ी के सरकारी स्कूल में पढ़ते है। राजसिंह की मौत से जहां दो नन्हें बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजसिंह की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उधर पुलिस ने सोमवार को मृतक राजसिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। दोपहर तीन बजे मृतक राजसिंह का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
हिरासत में लिए आरोपी बोले, हत्या नहीं, बाइक से गिरकर हुई मौत : जठलाना पुलिस ने मृतक के भाई सुरेंद्र राणा की शिकायत पर तीनों आरोपियों पर हत्या का केस दर्जकर लिया। मामले को लेकर पुलिस ने तीनों आरोपियों राजीव राणा, रजत राणा व उनके दोस्त प्रवीण गुर्जर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने राजसिंह की हत्या नहीं की है। बल्कि वह बाइक से गिरकर चोटिल हुआ था। जिसकी बाद में मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले को लेकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी फिलहाल हादसे की बात बता रहे है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर ललित कुमार, एसएचओ, थाना जठलाना।
मृतक राजसिंह का फाईलफोटो।- फोटो : YAMUNA NAGAR