सीआईए टू की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया पत्नी को गोली मारने वाला आरोपी पति
- फोटो : YAMUNA NAGAR
चार दिन पहले कैंप इलाके में अपनी पत्नी को गोली मारने व्यक्ति को सीआईए टू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ विडियो कॉल पर बात करती थी। उसने पत्नी को समझाया भी, लेकिन वह नहीं मानी और अपने प्रेमी के साथ करनाल से भागकर यमुनानगर आ गई थी। वह उसे ले जाने के लिए आया था, लेकिन जब वह घर जाने को राजी नहीं हुई तो गुस्से में उसने गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी पति को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वारदात में शामिल दो आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। रिमांड के दौरान आरोपी के दोनों साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
प्रेमी दूसरों को दिखाता था विडियो कॉल : आरोपी ने बताया कि पत्नी का प्रेमी अन्य लोगों को भी उसकी पत्नी की विडियो कॉल दिखाता था। जिसके बाद उसके दोस्तों ने उकसाया और कहा कि ऐसी पत्नी को जान से ही खत्म कर देना चाहिए। इसी के चलते उसके दो दोस्तों ने एक कट्टा भी दिया और तीनों यमुनानगर पहुंच गए। यहां आने पर जब उसने अपनी पत्नी से बात की तो उसे साफ शब्दों में घर जाने से मना कर दिया और कहा कि वे अपने दोस्त के साथ ही रहेगी। वह अपनी पत्नी से बेइंतहा प्यार करता है, लेकिन पत्नी के विश्वासघात से उसे गुस्सा आ गया था।
2007 में हुई थी शादी, दो माह पहले शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग : एसएचओ ने बताया कि जिला रोहतक निवासी महिला की शादी 2007 में करनाल के एक गांव निवासी नरेश के साथ हुई थी। दोनों के बीच अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे। बताया जा रहा है कि पति उसे शराब पीकर पीटता था। इसी को लेकर महिला की दो महीने पहले गांव के ही रोबिन के साथ नजदीकियां बढ़ गई और वह उसे लेकर कैंप की एक कॉलोनी में रहने लग गया। महिला के पति ने अपने गांव के दो युवक रजत उर्फ गोलू व विश्व के साथ योजना बनाई। तीनों यमुनानगर के कमानी चौक पर आ गए और उन्होंने रोबिन को फोन करके बुलाया। उसके बाद रोबिन को कहा गया कि वह एक बार उसकी पत्नी को उससे मिला दे। जब रोबिन उसकी पत्नी को मिलाने के लिए लेकर आया तो दोनों में पहले बातचीत हुई, लेकिन जब वह नहीं माने तो नरेश ने कट्टे से उस पर फायर कर दिया और अपने साथियों के साथ फरार हो गए।
यह है मामला : 14 सितंबर को जिला करनाल निवासी व्यक्ति की अपनी पत्नी के साथ ममीदी मोड़ पर ठेके के सामने किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने मामले में उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया था। जहां वह उपचाराधीन है।
सीआईए- टू इंचार्ज नवीन कुमार का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लिया गया है। रिमांड में आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया जाएगा। इसके अलावा आरोपी रजत व विश्व के बारे में पूछताछ की जाएगी। जल्दी फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।