संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालय गेट पर सफाई कर्मचारियों का धरना सातवें दिन सोमवार को भी भी जारी रहा। कर्मचारियोें ने सरकार, नेताओें और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पत्नी और बच्चों के साथ प्रदर्शन करने का एलान किया।
धरने की अध्यक्षता नगर निगम शाखा प्रधान राजकुमार ससोली ने की। संचालन प्रवेश परोचा ने किया। रिटायर्ड कर्मचारी नेता विनोद त्यागी ने बताया कि नगर निगम से निकाले गए 130 सफाई कर्मचारियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यह वही कर्मचारी हैं, जिन्होंने लॉकडाउन में शहर के गंदे नालों की सफाई अपनी जान जोखिम में डालकर की थी। इस दौरान वे कोरोना बीमारी से संक्रमित भी हुए। इनके सराहनीय कार्य को देखते हुए सरकार ने इन्हें फूल मालाओं से सम्मानित कर कोरोना योद्धा का नाम दिया था, लेकिन आज यही कोरोना योद्धा अपने रोजगार को बचाने के लिए सड़क पर बैठे हैं।
एसकेएस जिला सचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा को नगर निगम प्रशासन ने अपने तानाशाही रवैया छोड़कर समय रहते इन्हें नौकरी से वापस नहीं लिया, तो सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित सभी विभागों के कर्मचारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। गुलशन ने कहा कि सरकार कर्मचारियों का शोषण बंद कर दे। इन कोरोना योद्धाओं का उनका रोजगार वापसी दे। अन्यथा घेराव के साथ जुलूस, पुतला फूंक, झाड़ू सहित अन्य तमाम प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद भी नगर निगम अधिकारी व नेता न जागे तो कर्मचारी पत्नी व बच्चों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे और सड़कों पर जुलूस निकालेंगे। इस दौरान नगरपालिका शाखा वरिष्ठ उपप्रधान रोहताश, उपप्रधान जनकराज, उपप्रधान बलदीप तुंबी, उपप्रधान मुकेश कुमार, श्रीचंद प्रेस सचिव पपला, श्रीकांत सुमित मचल, धर्मेंद्र सहित अन्य उपस्थित रहे।