यमुनानगर। खाली पड़ी जमीन और तालाबों को पट्टे पर देकर नगर निगम ने अब आय बढ़ाने की तैयारी की है। इसके तहत निगम क्षेत्र की खाली पड़ी जमीन को बोली कर पट्टे पर दिया जाएगा। इसके अलावा निगम क्षेत्र के तालाबों को भी पट्टे पर देने की तैयारी है। 16 अगस्त से 24 अगस्त के बीच विभिन्न स्थानों पर बोलियां लगाकर नगर निगम की खाली जमीन व तालाबों को पट्टे पर दिया जाएगा।
निगम आयुक्त आयुष सिन्हा व क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया ने बताया कि निगम की खाली जमीन व तालाबों को एक साल के लिए पट्टे पर दिया जाना है। वार्ड नंबर एक में निगम की खाली जमीन की बोली 16 अगस्त को सरकारी स्कूल खेड़ा फार्म और चनेटी गांव की खाली जमीन तथा तालाब की बोली सरकारी स्कूल चनेटी में होगी। उसी दिन वार्ड 19 के औरंगाबाद व वार्ड 17 के इशोपुर तथा वार्ड 12 के रायपुर व दौलतपुर गांव के सरकारी स्कूल में क्षेत्र की खाली जमीन व तालाब की बोली लगेगी।
फिर 17 अगस्त की सुबह मानकपुर गांव में दस मरले व दो तालाबों की बोली गांव के सरकारी स्कूल में कराई जाएगी। उसी दिन दोपहर बाद मुबारकपुर गांव की जमीन की बोली होगी। इसके अलावा 20 अगस्त को तेलीपुरा के सरकारी स्कूल व जडौदा के सरकारी स्कूल में वहां की खाली जमीन तथा तालाबों की बोली कराई जाएगी। वार्ड नंबर चार की जमीन व तालाब की बोली 21 अगस्त की सुबह 11 बजे गांव के सरकारी स्कूल में लगेगी। वहीं 17 अगस्त की सुबह 11 बजे पांसरा के सरकारी स्कूल, दोपहर बाद तीन बजे ताजकपुर गांव के सरकारी स्कूल में, 20 अगस्त की सुबह 11 बजे गढ़ी गुजरान, दोपहर बाद तीन बजे तेजली के सरकारी स्कूल में खाली जमीन व तालाबों की बोली लगाई जाएगी। 17 अगस्त को ही वार्ड 18 के पताशगढ़ व मंडेबरी के सरकारी स्कूलों में जमीन व तालाबों की बोली लगाई जाएगी। जबकि 20 अगस्त को वार्ड 20 के पीर माजरा और वार्ड 18 के मंडेबर के सरकारी स्कूलों में जमीन व तालाबों की बोली लगाई जाएगी। इसी तरह 21 अगस्त की सुबह 11 बजे गधौली व वार्ड 17 के ममीदी और दोपहर बाद तीन बजे वार्ड 11 के दड़वा व ससौली के सरकारी स्कूलों में बोली लगाई जाएंगी।
22 अगस्त को वार्ड नंबर 12 के शादीपुर व कामी माजरा और वार्ड 20 के खेड़ी रांगडान तथा रटौली के सरकारी स्कूलों में बोली लगाई जाएगी। 23 अगस्त को वार्ड नंबर 18 के फर्कपुर व भूतमाजरा गांव के सरकारी स्कूलों में बोलियां लगाई जाएगी। 24 अगस्त की सुबह 11 बजे वार्ड 18 के जामपुर के सरकारी स्कूल में तालाब की बोली लगेगी। निगम क्षेत्र में 30 से अधिक तालाब व सैकड़ों एकड़ जमीन हैं, जिसे पट्टे पर दिया जाना है। उन्होंने बताया कि बोली देने से पूर्व बोलीदाताओं को जमीन व तालाब की धरोहर राशि जमा करानी होगी। जमीन पट्टे पर लेने वाले सफल बोलीदाता को छोड़कर बाकी की धरोहर राशि वापस कर दी जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार जमीन व तालाबों के पट्टे पर दिए जाने से उससे होने वाली आय से निगम क्षेत्र में लाखों के विकास कार्य होंगे।