संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित मां बाला सुंदरी मंदिर में दर्शन करने जा रहे तीन युवकों की बाइक शाम कालाअंब मार्ग पर गांव खांडरा के समीप पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में करनाल जिले के गांव संगोही निवासी मनीष सैनी की मौत हो गई, जबकि शुभम और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों संगोही गांव के रहने वाले थे और बाइक पर माता के दर्शन करने निकले थे। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मनीष सैनी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई तेजबीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। मृतक मनीष का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो बाइकों पर दर्शन करने निकले थे पांच दोस्त
पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि 24 अक्तूबर की शाम वह अपने दोस्त मनीष सैनी, शुभम, रवि और अंकुश के साथ दो बाइकों पर गांव संगोही से माता त्रिलोकपुर देवी के दर्शन करने के लिए निकले थे। मनीष सैनी एक बाइक चला रहा था। उस पर शुभम और रवि भी बैठे थे, जबकि अनिल कुमार और अंकुश दूसरी बाइक पर थे। अनिल कुमार ने बताया कि साढौरा से आगे गांव खांडरा के पास उनके आगे पराली की गठरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही मनीष सैनी की बाइक ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर लगने से मनीष, शुभम और रवि सड़क पर गिरकर घायल हो गए।