संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। राजकीय महाविद्यालय छछरौली में महाविद्यालय में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन शुक्रवार को स्वयंसेवकों के उत्साह, सीखने की ललक और सक्रिय भागीदारी से भरपूर रहा। दिन की शुरुआत व्यायाम, दौड़ और योग के साथ हुई।
सुबह के सत्र के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ सुनील की ओर से एक कंप्यूटर कार्यशाला आयोजित की गईस जिसमें उन्होंने स्वयंसेवकों को डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया। एनएसएस अधिकारी प्रो. दीपिका ने व्यक्तित्व विकास पर एक प्रेरक व्याख्यान में स्वयंसेवकों को आत्मविश्वास बढ़ाने, संचार कौशल में सुधार करने और नेतृत्व गुण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. इंदुबाला ने यौन उत्पीड़न विरोधी विषय पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने दूसरों का सम्मान करने और सभी के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने के महत्व को समझाया। सत्र के अंत में स्वयंसेवकों ने यौन उत्पीड़न के विरुद्ध शपथ ली। स्वयंसेवकों ने एड्स जागरूकता विषय पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में बढ़चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर अपनी स्व लिखित कविताएं सुनाकर अपनी रचनात्मकता भी प्रदर्शित की।
एड्स और यौन उत्पीड़न के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए छछरौली गांव में एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए और ग्रामीणों को इन महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के बारे में शिक्षित किया। शाम को स्वयंसेवकों ने वालीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसे बाहरी खेलों में भाग लिया, जिससे टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा मिला।
राजकीय कॉलेज छछरौली में यौन उत्पीड़न के खिलाफ शपथ लेते स्वयं सेवक। प्रवक्ता