संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत मंगलवार को सरस्वती नगर के बीडीपीओ कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं वासो की ओर से ग्राम पंचायतों का क्षमता संवर्धन कार्यक्रम करवाया गया। वक्ताओं ने प्रतिभागियों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों को पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए किट बांटी गईं।
क्षमता संवर्धन कार्यक्रम में अकालगढ़ का माजरा, छप्पर, कूलचंदू, कान्हड़ी खुर्द, मंसूरपुर, सबलपुर, सुखदासपुर, गोलनी, लंढौरा, महेश्वरी, नमदारपुर, अंबली, माली माजरा, खानपुर, खेड़ी दर्शन सिंह एवं सरस्वती नगर की आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, स्वयं सहायता समूह, पंप ऑपरेटर ने हिस्सा लिया। अध्यक्षता कर रहीं जिला सलाहकार रजनी गोयल ने कहा कि हर घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का कर्तव्य है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरों में जल की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल एवं सीवरेज समिति जिम्मेदारियों को समझें और जल संरक्षण करें।
कमेटी में 50 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं। जल संबंधित सभी कार्य आधी आबादी महिला शक्ति ही करती हैं, इसलिए देसी घी की तरह पानी का सोच समझकर प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पानी जांचने के लिए फील्ड टेस्टिंग किट का प्रयोग करके समय पर जल गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करें। सभी लोग अपने पानी की जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के ऑनलाइन पोर्टल से जांच करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पानी के हानिकारक रसायनों का पता लगाकर उन्हें दूर किया जा सकता है। इसके लिए लोगों को परीक्षण किट दी गई। इस दौरान किट से पानी की गुणवत्ता जानने की विधि बताई। प्रतिभागियों को फील्ड टेस्टिंग किट वितरित की गई। साथ ही जल संरक्षण से संबंधित जानकारी के लिए लिखित सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान बीआरसी अशोक कुमार, राजबीर सिंह ने जल बचाने के तरीके बताए। कार्यक्रम में जेई धर्मवीर, सक्षम लवनीत सहित अन्य उपस्थित रहे।