संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। एसडी मॉडल स्कूल में मंगलवार को हरियाली तीज मनाया गया। कार्यक्रम में अभिभावक विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यातिथि प्राचार्य गीतांजली शर्मा रहीं। कार्यक्रम में माताओं के लिए नृत्य प्रतियोगिता, रैंप वाॅक, तंबोला इत्यादि स्पर्धाएं करवाई गई।
प्राचार्य ने कहा कि त्योहार हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इस तरह के कार्यक्रम हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में सहायता करते हैं। बच्चों को उनकी संस्कृति की महानता व परंपराओं का ज्ञान होता है। हमारी पीढ़ी को संस्कृति की शिक्षा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की काफी आवश्यकता है।
इस दौरान मिसेज तीज एवं मिसेज तीज क्वीन भी विद्यार्थियों की माताओं में से चुने गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बाजरे का सिट्टा, छम छम गीत, बन्ना रे बाग में झूला, गजमन पानी चाली गीत नृत्य प्रस्तुत कर सभी को झूमने पर विवश कर दिया। अभिभावकों ने इस कार्यक्रम की भरपूर प्रशंसा करते हुए स्कूल मैनेजमेंट एवं प्रधानाचार्या का धन्यवाद किया। प्रचार्य ने विजेता माताओं को पुरस्कृत करते हुए सभी को तीज के उत्सव की शुभकामनाएं प्रदान की।