यमुनानगर। मटका चौक के पास घर के सामने स्थित रास्ते की फर्जी रजिस्ट्री कराने और कब्जा करने की कोशिश के आरोप में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मां और उसके दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी विवेक जैसवाल, विशाल जैसवाल और उनकी मां लता मटका चौक के रहने वाले हैं।
पुलिस को दी शिकायत में मटका चौक निवासी देव ठाकुर ने बताया कि आरोपियों ने उनके घर के सामने स्थित रास्ते की 11 वर्गगज जमीन की रजिस्ट्री अपनी मां के नाम करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों के मकान की वर्ष 2012 में हुई ट्रांसफर डीड में 252 वर्ग गज जमीन दर्ज थी। आरोप है कि इसी जमीन में से 11 वर्ग गज का सेल डीड तैयार कराकर रास्ते पर कब्जा करने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पांच मार्च को रास्ते पर कब्जे की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ झगड़ा किया। उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी थी। देव ठाकुर का दावा है कि जमीन की निशानदेही में यह जगह उनके आने-जाने का रास्ता पाई गई।
आठ जुलाई को दोबारा बातचीत करने पर गाली-गलौज, घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। सेक्टर 17 थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद