व्यासपुर। खंड के गांव मलिकपुर बांगर में मंगलवार को छत पर कपड़े उठाने गई 13 वर्षीय किशोरी 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार की चपेट में आ गई। बेटी को बचाने पहुंची मां भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि गांव मलिकपुर बांगर निवासी नंदनी घर की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान हवा के झोंके से कुछ कपड़े पास की छत पर जा गिरे। नंदनी कपड़े उठाने के लिए आगे बढ़ी तो वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने पर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
विज्ञापन
बेटी की आवाज सुनकर उसकी मां शोभा उसे बचाने के लिए छत पर पहुंची, लेकिन वह भी बिजली की तार की चपेट में आ गई। मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बंटी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर किसी तरह दोनों को तारों की चपेट से बाहर निकाला। हादसे में नंदनी का सिर और बाजू झुलस गए। शोभा के सिर और बाजू पर गंभीर चोटें आईं।
दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद घर में चिंता का माहौल है। छतों के पास से गुजर रही उच्च वोल्टेज बिजली की तारों के कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।