संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रदेश स्तरीय नशे के खिलाफ दौड़ के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मटका चौक से अग्रसेन चौक तक मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मटका चौक से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर दौड़ की अगुवाई करेंगे। दौड़ के निर्धारित रूट पर आम वाहनों की आवाजाही सीमित रखी जाएगी। इस दौरान पुलिसकर्मी विभिन्न चौकों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
साथ ही रूट पर बैरिकेडिंग और संकेतक भी लगाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत आयोजित इस राज्य स्तरीय मैराथन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। अब तक 1,15,200 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी शामिल हैं।
मैराथन के लिए पांच व दस किलोमीटर के रूट तय
26 जुलाई को आयोजित होने वाली नशे के खिलाफ मैराथन के लिए प्रशासन ने पांच व दस किलोमीटर के रूट निर्धारित कर दिए हैं। पांच किलोमीटर की दौड़ मटका चौक से शुरू होकर मछली बाजार चौक, अग्रसेन चौक और तेजली गांव के मोड़ चौक होते हुए वापस मटका चौक पर समाप्त होगी। वहीं दस किलोमीटर की मैराथन मटका चौक से प्यारा चौक, वर्कशॉप रोड पेपर मिल गेट तक जाएगी और वहीं से वापस मटका चौक पहुंचेगी। पूरे रूट पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और चिकित्सा सहायता के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
अब तक 1.15 लाख से अधिक पंजीकरण
नशे के खिलाफ मैराथन के लिए अब तक 1,15,200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 76,618 पुरुष और 38,474 महिलाएं शामिल हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड से 670 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा 10 किलोमीटर दौड़ में भाग लेने के लिए 1,354 प्रतिभागियों ने अपना नाम दर्ज कराया है। आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इन मार्गों से सफर करने की सलाह
नशे के विरुद्ध मैराथन के आयोजन को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। 25 जुलाई को जगाधरी बस स्टैंड से अग्रसेन चौक होते हुए मटका चौक तक मार्ग बंद रहेगा। अंबाला से कलानौर जाने वाले वाहनों को कचरा प्लांट, मिहिर भोज चौक और जगाधरी होकर भेजा जाएगा। 26 जुलाई को कचरा प्लांट से मटका चौक, अग्रसेन चौक होते हुए कलानौर तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अंबाला और कलानौर की ओर जाने वाले वाहन हाईवे का उपयोग करेंगे। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
26 जुलाई को आयोजित मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। मटका चौक स्थित एसबी स्कूल के पास तीन स्कूलों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। - कमलदीप गोयल, पुलिस अधीक्षक, यमुनानगर