संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार इस साल का सबसे ठंड दिन रहा। इस दौरान न्यूनतम तामपान 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है।
इससे पहले पारा 4.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस दौरान करीब सात किलोमीटर घंटा की रफ्तार से हाड़गला देने वाली बर्फीली हवा चली। तेज बर्फीली हवा ने लोगों की कंपकंपी छुड़वा दी। अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा सर्दी रही। चौथे दिन भी दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे। बर्फीली हवा ने लोगों को घरों में दुबके रहने के लिए मजबूर किया।
घने बादल होने से बारिश की संभावना थी, लेकिन पूरा दिन बादल बिन बरसे रहे। शीतलहर के कारण ठिठुरनज्यादा रही। बाहर तो दूर कमरे में बैठकर भी हाथ पांव सुन्न रहे। कमरे के भीतर भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही। ऐसे में लोगों को सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ा। ठंड के कारण बाजार में अधिकांश दुकानों पर संचालक व कर्मचारी खाली बैठे रहे।
बाजार में भी जगह जगह पर लोगों को आग जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास करते देखा गया। ठंड अधिक होने के बावजूद बाजार में ग्राहकों की उपस्थिति न के बराबर रही। कड़ाके की ठंड के कारण लोगों के दिनचर्या के काम प्रभावित हो रहे हैं। हवा चलने के कारण तीन दिन से कोहरा नहीं है, जिससे लोगों को कुछ राहत रही।
वहीं बर्फीली हवा के कारण लोगों का बाहर निकलना मुहाल हो गया है। इसके चलते शाम को लोग जल्दी घरों में दुबक गए। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार इस माह के अंत तक सर्दी काफी परेशान करेगी। सर्दी को लेकर मौसम विभाग ने प्रदेश में आरेंज अलर्ट जारी किया है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को फसलों की देखभाल के लिए एडवाइजरी जारी की गई। चिकित्सक लोगों को सर्दी से बचने के लिए घर से कम निकलने व गर्म खाद्य पदार्थों के सेवन का परामर्श दे रहे हैं।