छप्पर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती ने गांव के एक युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर रॉड से हमला कर हाथ का अंगूठा तोड़ने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के मुताबिक शोर सुनकर मौके पर पहुंचे भाई के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।
छप्पर थाना क्षेत्र के गांव निवासी 23 वर्षीय युवती ने बताया कि 11 जुलाई की शाम करीब चार बजे वह घर पर थी। इस दौरान घर में बुरी नीयत से घुसे गांव के रोहताश ने उससे छेड़खानी की और अभद्र व्यवहार किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने रॉड से वार कर उसके दाहिने हाथ का अंगूठा तोड़ दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे भाई के साथ भी आरोपी ने मारपीट की और उसे धमकाया कि यदि उसने इसकी कहीं शिकायत की तो उन्हें जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। छप्पर थाना पुलिस ने रोहताश के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। छप्पर हाउस स्टेशन अधिकारी रायसिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे काबू किया जाएगा।