पुराना सहारनपुर रोड पर कारपेंटर के हाथ से बाइक सवार दो युवक मोबाइल झपट कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दड़वा निवासी अनित ने बुड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जगाधरी निवासी अशोक ठेकेदार के पास कारपेंटर का कार्य करता है। मंगलवार की शाम करीब छह बजे वह काम से साइकिल से घर लौट रहा था। पुराना सहारनपुर रोड पर परवालों के प्राणनाथ ईंट भट्ठे के पास उसके पास किसी परिचित का फोन आ गया। वह फोन पर बात करता हुआ साइकिल से जा रहा था। तभी उसके पीछे से बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आए। आरोपियों ने उसकी साइकिल के नजदीक बाइक लगाकर गति कम की। इससे पहले वह कुछ समझ पाता बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। आरोपी बाइक की गति तेज कर वहां से फरार हो गए। उसने शोर मचाया। शोर सुनकर कुछ लोगों ने उनका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों का कोई पता नहीं चल पाया। जांच अधिकारी एसआई प्रमोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों का पता कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।