डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में खुशी मनाते प्रतियोगिता विजेता।
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। सीबीएसई की 12वीं में शानदार प्रदर्शन कर जिले में प्रथम स्थान पाने वाली मेधावी छात्रा को सोमवार को भाजपा की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और पार्टी जिलाध्यक्ष राजेश सपरा मॉडल टाउन स्थित छात्रा सिया राय के घर पहुंचे और इस उपलब्धि के लिए छात्रा व अभिभावकों बधाई दी।
अरोड़ा और सपरा ने छात्रा को मिठाई खिलाकर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिया ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल, अभिभावकों व जिले का नाम रोशन किया है। सिया राय अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है। वहीं अभिभावकों को आश्वासन दिया कि सिया आगे की पढ़ाई के लिए मनपसंद क्षेत्र चुने, जिसमें उसकी पूरी सहायता की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सपरा ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नीति पर काम कर रही है। सिया ने इस अभियान को और मजबूत किया है। आज बेटा बेटी में कोई अंतर नहीं है। लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने पिता धर्मेश राय को आगे की पढ़ाई में हर संभव प्रयास मदद का आश्वासन दिया है। मॉडल टाउन निवासी सिया राय ने वाणिज्य में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।