जगाधरी। शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को जिलास्तरीय विज्ञान नाटक प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में खंडस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मंच पर नाटिका प्रस्तुत कर विज्ञान का महत्व व आवश्यकताओं के बारे बताया। इस प्रतियोगिता के विजेता प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता जिला शिक्षा विभाग के विज्ञान विभाग की ओर से करवाई गई। प्रतियोगिता विद्यावंती मेमोरियल इंटरनेशल स्कूल में करवाई गई। इस दौरान मुकुंद लाल पब्लिक स्कूल प्रतियोगिता का जिला विजेता बना। जबकि दूसरे स्थान पर दिल्ली पब्लिक स्कूल रहा। वहीं, तीसरा स्थान मेजबान विद्यावंती मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल के नेतृत्व में करवाई गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने छह विषयों पर अपनी प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में छठी से 12 वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। नाटक के विषय विभाग की ओर से निर्धारित किए गए थे। जिसके लिए विद्यार्थियों ने काफी अभ्यास किया था। खंड स्तर की प्रतियोगिता के विजेता कुल 15 विद्यालयों ने जिलास्तर पर अपनी प्रस्तुति दी। जिलास्तर के लिए विभाग की ओर से मानव जाति के लाभ के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी, वैश्विक जलसंकट, एआई, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आपदा प्रबंधन के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी जलवायु परिवर्तन और उसका प्रभाव विषय निर्धारित किए गए थे। जिस पर विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता के लिए सुबह नौ से साढ़े नौ बजे तक पंजीकरण किया गया। विद्यार्थियों को नाटक प्रस्तुत करने के लिए अधिकतम 15 मिनट का समय दिया गया था। कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धमेंद्र सिंह अतिथि रहे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों की टीम का गठन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 15 टीमों से तीन को विजेता चुना है। इस दौरान विद्यालय संचालिका अंशु वधावन, प्राचार्या रितु कुमार विशिष्ट अतिथि रहीं।
इन स्कूलों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में जगाधरी खंड से मुकंद लाल पब्लिक स्कूल, विद्यावंती मैमोरियल इंटरनेशनल स्कूल, राजकीय माध्यमिक विद्यालय दुसानी, स्टार वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल खुर्दी, साढौरा खंड से पीएमश्री जीएसएसएस सरावां, जीएमएस कनीफला, जीएसएसएस फोटला ने भाग लिया। इसके अलावा रादौर खंड से जीएसएसएस अलाहर, जीएसएसएस चमरौड़ी, सरस्वतीनगर खंड से डीपीएस भंभौली, जीएसएसएस गुंदियाना, जीएसएस पंचतीर्थी, बिलासपुर खंड से एमवीवी डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कपालमोचन, जानकी जी ग्लोबल पब्लिक स्कूल मारवाकलां, जीएमएसएसएस भेड़थल स्कूल ने भाग लिया।
प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे यह स्कूल
जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विभाग की ओर से प्रथम विजेता को दो हजार रुपये, द्वितीय विजेता को 1500 रुपये और तृतीय विजेता को एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
-