संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर (यमुनानगर)। छप्पर थाना क्षेत्र के पिंजौरा गांव में शराब पीकर गालियां देने से मना करने पर तीन युवकों ने दीवार गिराकर ईंटें बरसा दी। छाती, मुंह, पैर व नाक पर ईंटें लगने से 50 वर्षीय महिला गुलजार कौर की मौत हो गई। मारपीट में महिला के बेटे को भी हल्की चोटें लगी है। छप्पर थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपी युवकों पर हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया। देर शाम तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पिंजौरा गांव निवासी सुरेश पाल ने बताया कि रविवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी पत्नी गुलजार कौर व बेटे विश्वास की पत्नी सोनिया खाना खाने के बाद प्रांगण में बैठकर बातचीत कर रही थी। उसका बेटा विश्वास व बच्चे भी घर पर थे। तभी उनके घर के बाहर गांव का अमित कुमार उर्फ डैनी, अभिषेक उर्फ सूरज व बिलासपुर निवासी अरमान सिंह शराब पीकर आए।
उनके घर की दीवार के पास आकर आरोपियों ने उसके बेटे विश्वास को गालियां देनी शुरू कर दी। विश्वास ने आरोपियों को गालियां देने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने तैश में आकर उनके घर के बाहर वाली दीवार धक्का देकर गिरा दी। तीनों आरोपियों ने दीवार गिरने से बिखरी ईंटें उठाकर उनके घर पर बरसानी शुरू कर दी। उसकी पुत्रवधू सोनिया अपने बच्चों की उठाकर में ले गई और अपनी व बच्चों की जान बचाई।
उसकी पत्नी गुलजार कौर जैसे ही घर के बाहर आई तो आरोपियों ने उसपर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। छाती, मुंह, पैर व नाक पर ईंटें लगने से उसकी पत्नी वहीं गिरकर बेहोश हो गई। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। उसने अपने बेटे व पुत्रवधू की मदद से पत्नी गुलजार कौर को संभाला। इससे पहले वह उसे अस्पताल ले जाते, उसने उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर छप्पर थाना प्रभारी रामपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने मृतका गुलजार कौर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव को परिजनों के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी पिंजौरा में हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के वास्तविक कारण पता चल पाएगा। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।