एसडीएम को डंपर से कुचलने का किया प्रयास
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर में अवैध खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सरकारी अधिकारियों की जान भी खतरे में पड़ने लगी है। साढौरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान खनन सामग्री से भरे डंपर को रोकने का इशारा करने पर चालक ने एसडीएम व्यासपुर और उनकी टीम को कुचलने का प्रयास किया।
डंपर के आगे चल रही कार के चालक ने भी टीम को कुचलने की कोशिश की। एसडीएम और उनकी टीम ने समय रहते एक तरफ हटकर अपनी जान बचाई। यदि वे समय रहते नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
साढौरा क्षेत्र में कर रहे थे वाहनों की जांच
एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह साढौरा क्षेत्र में तड़के छह बजे वाहनों की चेकिंग पर थे। इस दौरान वह क्षेत्र से गुजर रहे खनन सामग्री से भरे ट्रकों और डंपरों के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। टीम कुछ डंपरों की जांच कर चुकी थी। इसी दौरान व्यासपुर की तरफ से खनन सामग्री से भरा एक डंपर आता दिखाई दिया।
डंपर में गटका पत्थर लोड था। उसके आगे एक कार चल रही थी। एसडीएम ने डंपर चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक और डंपर चालक ने एसडीएम व उनकी टीम को कुचलने का प्रयास किया।
डंपर की रेकी कर रही थी कार
बताया जा रहा है कि कार डंपर के आगे चलकर उसकी रेकी कर रही थी। दोनों वाहनों को टीम की ओर बढ़ता देख मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम और उनकी टीम ने किसी तरह एक तरफ हटकर खुद को बचाया। इस दौरान जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।
घटना के बाद कार और डंपर चालक अपने वाहनों सहित मौके से फरार हो गए। एसडीएम की ओर से मामले की शिकायत थाना साढौरा पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालकों की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।