संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बूड़िया क्षेत्र में यमुना नदी के सटे मंडौली घग्गर गांव में खनन माफिया ने एक एकड़ जमीन को सात फीट गहराई तक खोद कर अवैध खनन किया। जांच में सामने आया कि माफिया ने जमीन से कुल 12197 मीट्रिक टन अवैध खनन किया। खनन अधिकारी रोहित की शिकायत पर बूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया है।
खान एवं भू विज्ञान विभाग के खनन अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मंडौली घग्गर गांव में यमुना नदी के पास जमीन पर अवैध खनन किया जा रहा है। जिस पर उन्होंने खनन निरीक्षक अमन के साथ 22 अक्तूबर को कार्यालय के फिल्ड स्टॉक के द्वारा मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुराने खड्डे के साथ लगती जमीन में लगभग एक एकड़ में सात फुट की गहराई तक अवैध खनन किया हुआ था।
जांच करने पर सामने आया कि जमीन से कुल 12197 मीट्रिक टन अवैध खनन किया गया है। माफिया द्वारा यहां से खनन सामग्री बोल्डर, ग्रेवल, रेत निकाली हुई थी। निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति या वाहन नहीं मिला। खनन अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह अवैध खनन दमोपुरा निवासी राजपाल उर्फ राजू ने किया है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। बूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी राजपाल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।