यमुनानगर। जगाधरी के मटका चौक स्थित वाल्मीकि मंदिर के सामने बुधवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सिटी थाना जगाधरी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने सुबह अधेड़ को बेसुध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखा। काफी समय तक हलचल न होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सुरक्षित कर पोस्टमॉर्टम के लिए जगाधरी सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के कपड़े गीले थे और उसके शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति शराब के नशे में हो सकता है या अत्यधिक ठंड के कारण उसकी मौत हुई हो। जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशा या ठंड से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। संवाद