संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सरस्वती कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण माह के अंतर्गत महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य तथा बेटियों के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अगुवाई सुपरवाइजर सर्कल भारत सेवक नगर की सुमन रानी ने की। कार्यक्रम के दौरान पोषण माह की थीम को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। इनमें गर्भवती महिला की गोद भराई, कुआं पूजन तथा एक पेड़ बेटी के नाम अभियान के तहत पौधरोपण प्रमुख रहा।
महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में पोषण की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही परिवार में बेटियों को समान अवसर और सम्मान देने का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति सदस्य पूनम अग्रवाल ने बताया कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में महिलाओं को हरी सब्जियां, दालें, मौसमी फल, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के लिए प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्वेता पुंडीर को सम्मानित किया गया। इस मौके पर वार्ड नंबर एक पार्षद रीना रस्तोगी, वार्ड नंबर पांच पार्षद भानू प्रताप, विशाल गुप्ता और सुमित शर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।