संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलावड़ में एनएसएस के एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सर्वोदय गोयल ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के मूल उद्देश्य सेवा और अनुशासन से अवगत कराया।
उन्होंने एनएसएस वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में सामुदायिक सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित की जाती है। उन्होंने अनुशासन के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि अनुशासन विद्यार्थी जीवन का सबसे बड़ा गुण है।
अनुशासन का पालन करके ही जीवन के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के पहले सत्र में कमल कुमार ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है और विद्यार्थियों को अपने बहुमूल्य समय का सदुपयोग अच्छे कार्यों में करना चाहिए।
पीजीटी इंग्लिश मनीष कुमार ने शिक्षा के महत्व विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं है, बल्कि अपने अंदर सद्गुणों का विकास करना भी है। सद्गुणों के माध्यम से ही व्यक्ति स्वयं का और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकता है। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार ने स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र बचाओ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय उद्योगों, कारीगरों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलता है। साथ ही स्वदेशी हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में सहायक है। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार, कमल कुमार, मनीष कुमार, शीशपाल, प्रमोद कुमार व अनिल कुमार मौजूद रहे।