संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम की ओर से बुधवार को साइकिल यात्रा निकाली गई। विशेष अधिकारी अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में यात्रा के माध्यम से सेवानिवृत वायु सैनिकों व नगर निगम अधिकारियों ने स्वच्छता का संदेश दिया। नेहरू पार्क से शुरू हुई साइकिल यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर सेक्टर-17 में संपन्न हुई। यहां सेवानिवृत वायु सैनिकों ने सूखा-गीला कचरा अलग-अलग करने के लिए दो-दो डस्टबिन रखने का संकल्प लिया।
विशेष अधिकारी अनिल यादव ने कहा कि नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। शहर की सभी कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रह व कचरा प्लांट में निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गलियों व कॉलोनियों में जहां भी गंदगी देखने को मिलती है, वहां नगर निगम की ओर से सफाई कराई जा रही है। शहरवासियों से अपील है कि स्वच्छता की मुहिम का हिस्सा बनें।
शहर को स्वच्छ व साफ-सुथरा बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि लोगों को स्वच्छता के प्रति सचेत करते हुए चालान भी किए जा रहे हैं। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। इस मौके पर सभी सेवानिवृत वायु सेना के सैनिक, मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन, हरजीत सिंह, विनोद बैनीवाल मौजूद रहे।