संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों की पहली वरीयता सूची बुधवार को जारी कर दी है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से शाम साढ़े चार बजे सूची जारी की गई। समय से सूची न आने के कारण काॅलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति न के बराबर रही। इस बार सूची में प्रतिशत न जारी करके सीधा विद्यार्थियों का नाम दिया गया है।
इस बार दाखिला प्रक्रिया में विलंब हो गया है। विभाग के शेड्यूल के अनुसार देरी के कारण कक्षाएं अगस्त के अंत में ही शुरू हो पाएंगी। ऐसे में सूची जारी होने के बाद सरकारी व सहायता प्राप्त कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया में तेजी देखने को मिल रही है। चयनित विद्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर कॉलेज अलॉटमेंट के एसएमएस भेजे जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी कॉलेज आकर फीस जमा कर दाखिला ले सकें।
पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 27 जुलाई तक अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराकर ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। निर्धारित समय तक फीस जमा नहीं करने पर संबंधित सीट स्वत: रद्द हो जाएगी। अगले चरण के लिए उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत संचालित चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रमों को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
शेड्यूल के अनुसार 23 से 27 जुलाई तक पहली मेरिट सूची के चयनित विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और ऑनलाइन फीस जमा की जाएगी। 28 जुलाई को रिक्त सीटों का विवरण पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी होगी। 29 से 31 जुलाई तक दूसरी मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कराने की प्रक्रिया चलेगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो ओपन काउंसलिंग के माध्यम से शेष सीटों पर दाखिले किए जाएंगे।
सीट पाने वालों को भेजा संदेश
इस बार कॉलेज में विद्यार्थियों की भीड़ नहीं दिख रही है। पहले कॉलेज में कट ऑफ देखने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ लगती थी। अब विभाग की ओर से सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के नंबर पर संदेश भेजा जाता है। जिन विद्यार्थियों के नंबर पर संदेश आता है, वे संस्थान पहुंचकर दाखिला ले लेते हैं। यही कारण रहा कि पहली सूची जारी होने के बाद भी कॉलेज में विद्यार्थियों की उपस्थित बेहद कम रही। बुधवार को शाम को सूची आने के कारण भी विद्यार्थी इक्का-दुक्का ही रहे। वीरवार से सूची के अनुसार दाखिले होंगे।
इस बार सूची में थोड़ा बदलाव किया गया है। पहली की तरह सूची अंक प्रतिशत में नहीं जारी की गई है। सूची में सीधे विद्यार्थी का नाम जारी और पंजीकरण संख्या जारी की गई है। दाखिले के लिए विभाग से सीधे संदेश भेज गए हैं। - सुमन भाटिया, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी।