यमुनानगर। दो विवाहिताओं ने अपने पतियों पर अप्राकृतिक संबंध बनाने व देवर पर दुष्कर्म के प्रयास और ससुर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। विवाहिताओं की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में नौ आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 28 जनवरी 2020 को हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने जरूरत के सामान देकर विदा किया था। शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज में कीमती सामान की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। महिला का आरोप है कि आरोपी उससे दहेज में बाइक और 50 हजार की मांग करते थे। महिला ने बताया कि उसका देवर शुरू से ही उस पर गलत नजर रखता था। एक दिन वह घर पर अकेली थी, तब उसके देवर मदन ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उसका पति भी उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता था। विरोध जताने पर उससे मारपीट की जाती थी। एक दिन आरोपियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले में महिला के पति, ससुर, सास, देवर व देवरानी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुर पर छेड़छाड़ व पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप -
उधर, शहर की एक अन्य कॉलोनी निवासी महिला ने अपने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने व ससुर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2020 में हुई थी। शादी में उसके ससुराल वालों ने जरूरत का सारा सामान देकर विदा किया था, लेकिन आरोपी ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे दहेज में कीमती सामान की मांग की। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने उसे प्रताड़ित किया। आरोप है कि इस दौरान उसके पति ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि उसके ससुर ने भी उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने मामले में पति, ससुर, सास व दो अन्य पर केस दर्ज किया है।