संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। लोहगढ़ के नाम से गांव भगवानपुर में बनने वाले बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक व संग्रहालय की नींव केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल रखेंगे। इस संबंध में 27 अक्तूबर को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मनोहर लाल मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर उनके नाम पर बनने वाले स्मारक और अत्याधुनिक संग्रहालय के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। डीसी पार्थ गुप्ता ने शुक्रवार को लोहगढ़ का दौरा कर परियोजना के निर्माण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लोहगढ़ में लगभग 20 एकड़ भूमि पर भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा। डीसी ने बताया कि ऐतिहासिक किले और परिसर की चारदीवारी का नवीनीकरण, वैश्विक डिजाइन प्रतियोगिता के माध्यम से बाबा बंदा सिंह बहादुर की विशाल प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।
यह स्मारक न केवल बाबा बंदा सिंह बहादुर के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृति को अमर करेगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए सिख समुदाय की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करने का केंद्र बनेगा। इस अवसर पर एडीसी नवीन आहूजा, व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, व्यासपुर की बीडीपीओ आस्था गर्ग और कई अधिकारी मौजूद रहे।