संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहर के मुकंद लाल कॉलेज की छह दिवसीय 55वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता का समापन 28 फरवरी को होगा। इसमें कॉलेज के करीब 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में कुल सात खेलों की स्पर्धाएं करवाई जा रही हैं। शुभारंभ पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पहले दिन लड़के व लड़कियों की 200 मीटर की दौड़ हुई। लड़कियों में मन्नत व लड़कों में शिवम ने पहला स्थान पाया। महक दूसरे व तन्नु तीसरे स्थान पर रही। लड़कों की 200 मीटर दौड़ में शिवम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोहित ने दूसरा और तुषार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता डॉ. महेंद्र सिंह के नेतृत्व में करवाई जा रही हैं। डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि इसमें लड़के-लड़कियों की लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोल फेंक व रस्साकसी की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी।
इसके अलावा दौड़ की 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10,000 मीटर की स्पर्धाएं करवाई जानी हैं। पहले दिन दोनों वर्गों में 200 मीटर की दौड़ करवाई गई। प्रतियोगिता का समापन 28 फरवरी को सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा। समारोह में प्रतियोगिता के विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।