संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। हरियाणा सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित लीगल लिटरेसी कार्यक्रम की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कक्षा 11वीं-ए की छात्रा मंजू रानी ने काव्य प्रस्तुति से जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं में कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने पेंटिंग के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया, जबकि कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने कविता पाठ, स्लोगन लेखन और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर सामाजिक जागरूकता से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। सभी विद्यार्थियों ने अध्यापिका रितु रानी और प्रियंका गोयल के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं की तैयारी की।
विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नशा मुक्ति और कानूनी जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर विद्यार्थियों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को मेडल और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राध्यापक लवनेश कुमार, रामनरेश, मोनिका चौधरी, तृप्ता रानी, सीता वालिया, मुकुल शर्मा, राजेंद्र नरवाल, बलजीत कौर इत्यादि मौजूद रहे।