यमुनानगर। स्पेशल सेल की टीम ने महिला से पर्स छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल वाहन और अन्य सामान की बरामदगी की जा सके।
स्पेशल सेल इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक बसंत विहार के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है। इस पर एएसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान जठलाना निवासी खुशनसीब उर्फ खुशु पुत्र इरफान के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 27 मार्च को रेलवे कॉलोनी, जगाधरी वर्कशॉप क्षेत्र में पैदल जा रही महिला से पर्स छीना था। पर्स में करीब पांच हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन व अन्य सामान था। आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर आया और वारदात को अंजाम देकर भाग गया। संवाद