जलबेड़ा। नग्गल के श्मशान घाट के पास 25 सितंबर 2023 को गोरसिया निवासी मनजीत सिंह उर्फ मनीष की कनपटी पर पिस्तौल रखकर 60 भेड़े लूटने के मामले में सीआईए-1 ने आरोपी को काबू कर लिया। दो साल बाद काबू हुए आरोपी की पहचान जम्मू कश्मीर के कठुआ निवासी मोहम्मद हुसैन उर्फ कालू के रूप में हुई। शुक्रवार कोर्ट ने आरोपी का चार दिन का रिमांड किया है। रिमांड के दौरान आरोपी से उसके साथियों सहित नकदी बरामद की जाएगी। सीआईए-1 प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में नग्गल थाना पुलिस ने गोरसिया निवासी मनजीत सिंह उर्फ मनीष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
17 ग्राम 77 मिलिग्राम हेरोइन के मामले में दूसरा आरोपी काबू
अंबाला। सुभाष पार्क के पास से 16 नवंबर को 17 ग्राम 77 मिलिग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने एक अन्य आरोपी को काबू कर लिया है। जिसकी पहचान दीना की मंडी निवासी काव्या के रूप में हुई। शनिवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस मामले में 16 नवंबर को पुलिस ने कैंट के रामबाग रोड बीच की डिग्गी निवासी संजय कुमार को काबू किया था।
निर्माणाधीन मकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को भेजा जेल
अंबाला। सेक्टर-34 स्थित निर्माणाधीन मकान से बिजली की फिटिंग सहित अन्य सामान चुराने के मामले में सीआईए-1 की टीम ने दो आरोपियों को काबू कर लिया। जिनकी पहचान घसीटपुर के ओ-ब्लॉक निवासी सतपाल उर्फ चूना व हरीश के रूप में हुई। शनिवार कोर्ट में पेश कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने सेक्टर-34 निवासी राकेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का शिकार बनाने वालों से रहे सावधान : एसपी
अंबाला। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का शिकार बनाने वालों से सावधान रहने के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध हम सब के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता ही एकमात्र उपाय है। एटीएम मशीन से रुपये निकलवाते समय ठग लोग बुजुर्ग या भोले-भाले लोगों को निशाना बना लेते हैं। मदद करने के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर जीवनभर की जमापूंजी निकाल लेते हैं। जिससे व्यक्ति को आर्थिक क्षति के साथ-साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। कहा कि फिर भी अगर किसी के साथ साइबर अपराध की घटना घटित हो जाती है तो वह साइबर क्राइम रिपोटिंग पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट साइबरक्राइमडाॅट जीओवीडाॅट पर जाकर शिकायत दर्ज करवा सकते है। इसके अलावा राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर डायल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।