संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मेयर सुमन बहमनी ने मंगलवार को नगर निगम के प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जोड़ियो के पास स्थित इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) बंद मिलने पर मेयर ने अधिकारियों को इसे सात दिन के भीतर चालू करने का अल्टीमेटम दिया।
निरीक्षण की शुरुआत रेलवे लाइन स्थित स्टार्च मिल नाले से हुई। यहां मेयर ने वार्ड पार्षदों और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में रेलवे लाइन के नीचे से गुजर रहे नाले का निरीक्षण किया। नाले में गाद और कचरा मिलने पर उन्होंने मौके पर ही सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कार्य शुरू कराया। इसके बाद उन्होंने जोगिंद्र नगर, ससौली रोड और तिलक नगर क्षेत्र में विभिन्न बड़े और छोटे नालों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
जोड़ियो के पास स्थित इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बंद मिलने पर मेयर ने अधिकारियों से कारण पूछा। अधिकारियों ने बताया कि बरसाती पानी लाने वाली पाइप लाइनें जाम थीं, जिन्हें साफ करा दिया गया है। साथ ही पंपिंग स्टेशन में तकनीकी खराबी भी सामने आई है। इस पर मेयर ने एक सप्ताह के भीतर पंपिंग स्टेशन को हर हाल में चालू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां नालों में गाद और कचरा मिला, वहां तत्काल सफाई कराने के आदेश दिए गए। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर पानी की निकासी में आ रही रुकावटों को तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।