संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बा व आसपास के एरिया में काफी लंबे समय से नशीली दवाओं की सप्लाई करने के आरोपी कस्बा के मोहल्ला वस्तियान निवासी भारत भूषण उर्फ बाबू को थाना साढौरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह नशीले कैप्सूल का मुख्य सप्लायर था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि भारत भूषण उत्तर प्रदेश से नशीले कैप्सूल लेकर आता था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना साढौरा एसएचओ अनिल राणा ने बताया कि पुलिस ने गत माह पहाड़ीपुर नाका के पास से वार्ड पांच मोहल्ला नारायण दास निवासी कर्ण को 960 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल सहित काबू किया था। कर्ण काफी लंबे समय से नशीले कैप्सूल बेचने के अलावा सप्लाई का काम रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने उसे पहाड़ीपुर नाका के पास से पकड़ा था। दवा नियंत्रक अधिकारी ने उससे बरामद प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल होने की पुष्टि की थी।
आरोपी कर्ण से पूछताछ की तो उसने बताया था कि वह कस्बा निवासी भारत भूषण उर्फ बाबू से नशीले कैप्सूल लेकर आता था। भारत ही मुख्य सप्लायर है। अनिल राणा ने बताया कि तब से भारत भूषण की तलाश की जा रही थी। उन्हें सूचना मिली थी कि भारत भूषण इस वक्त कस्बा में ही छिपा हुआ है। दबिश देकर पुलिस ने पकड़ लिया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।