यमुनानगर। रेस्ट हाउस रोड स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर के प्रांगण में दशलक्षण पर्व समापन के पश्चात बाल ब्रह्मचारिणी सुनीता दीदी के सानिध्य में वार्षिक भव्य समारोह हुआ। इसकी अध्यक्षता मंदिर प्रधान अजय जैन ने की, जबकि संचालन उप प्रधान मुकेश जैन व दीपा जैन ने किया।
बतौर मुख्य अतिथि मंदिर संरक्षक डॉ. आरके जैन, सुभाष जैन व पूर्व प्रधान आनंद जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा, प्रक्षाल, ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन व चित्र अनावरण से की गई। इस दौरान जिले के प्रतिभाशाली बच्चों व जैन समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। शीलचंद जैैन ने कहा कि हम सभी जैन धर्म के अनुयायी हैं और हमारा कर्तव्य बनता है कि बिना किसी की भावना को ठेस पहुंचाए सौहार्द पूर्वक सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लें। कार्यक्रम में बच्चों व महिला मंडल की ओर से सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विशेष गजरथ यात्रा निकाली गई, जो मंदिर से शुरू होकर शहीद भगत सिंह चौक तक गई और वापस मंदिर में पहुंची। जहां प्रभु जी का अभिषेक व शांतिधारा की गई। मौके पर प्रधान अजय जैन व अन्य मौजूद रहे।