जगाधरी। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार को हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत जगाधरी विधान सभा क्षेत्र में बूडिया चौक से नरेंद्र इलेक्ट्रिक चौक तक पदयात्रा की। इस दौरान बीजेपी सरकार हिसाब दो, जवाब दो के नारे गूंजते रहे।
हरियाणा में विधान सभा चुनाव की तिथि घोषित होन पर दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता इस शुभ दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही थी, आखिर वो घड़ी आ ही गयी। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार अब चंद दिनों की मेहमान रह गयी है और इसके जाने का समय आ गया है। इससे पहले प्रदेश पर कर्जा भी नॉन स्टॉप बढ़ता जा रहा है, जबकि विकास कार्यों पर फुल स्टॉप लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, खिलाड़ियों, सरपंच, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर समेत स्कूली बच्चों तक को अपने हक की आवाज उठाने के लिए सड़कों पर आना पड़ा। न्याय मांग रही ओलंपिक पदक विजेता बेटियों को दिल्ली की सड़कों पर घसीटा गया। तब बीजेपी सरकार के किसी मंत्री ने उनकी गुहार नहीं सुनी। आज जब हरियाणा के खिलाड़ी पदक जीतकर देश लौटे हैं तो बीजेपी के मंत्री उनके साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बजट में तो हरियाणा के साथ भेदभाव किया ही गया, खेल बजट तक में हरियाणा की अनदेखी की गई। केंद्र सरकार हरियाणा से सात रुपये जीएसटी लेकर केवल एक रुपये वापस दे रही है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में देश के 117 में से 24 खिलाड़ी हरियाणा के थे, देश को मिले 6 में से 5 मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने दिलाए, लेकिन 2200 करोड़ के खेल बजट में हरियाणा को सिर्फ 65 करोड़ का बजट दिया गया, जबकि गुजरात को 600 करोड़ तो यूपी को 500 करोड़ का बजट दिया।