संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कपालमोचन मेले के दौरान व्यासपुर क्षेत्र में शराब की बिक्री काफी बढ़ जाती है। ठेकों पर तो शराब बिकती ही है, साथ में शराब की अवैध बिक्री बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में आबकारी एवं कराधान विभाग की सतर्क हो गया है। इसके लिए विभाग ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है। दो दिनों से व्यासपुर क्षेत्र में शराब ठेकों पर शराब के सैंपल लिए जा रहे है ताकि मिलावटी शराब मेले में न बिक पाए। इसके लिए आबकारी विभाग की तरफ से दो टीमों का गठन किया गया है, जो कपालमोचन मेला के आसपास लगते शराब के ठेकों पर अपनी नजर रखेगी। डीईटीसी एक्साइज आलोक पासी ने बताया कि मेला के दौरान कोई भी मिलावटी शराब न बेच सके इसके लिए व्यासपुर क्षेत्र में सभी ठेकों पर शराब के सैंपल लिए जा रहे हैं। किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो सैंपल लिए गए हैं उन्हें जांच के लिए लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर नजर रखी जाएगी।
शराब की गुणवत्ता और वैधता की जांच की जा रही है। उन्होंने मेला में आने वाले श्रद्धालुओं व आसपास के लोगों से अपील की है कि वह यदि कहीं पर ठेके के अलावा सस्ती शराब बिकती है तो किसी के झांसे में न आए। बाहर बिकने वाली शराब नकली या मिलावटी भी हो सकती है। यदि कहीं बाहर शराब बिकती है तो इसकी सूचना पुलिस या फिर आबकारी विभाग के कार्यालय में दें। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।