संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला शराब फर्जीवाड़ा को लेकर लगातार सुर्खियों में रहा है। हाल ही में एक शराब के गोदाम की हुई चेकिंग में दो हजार शराब की पेटी कम मिली है। खास बात यह है कि कुरुक्षेत्र की टीम ने जिले में पहुंच कर शराब के गोदाम का औचक निरीक्षण किया था। अब आबकारी विभाग की टीम ने इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
हाल ही में कुरुक्षेत्र आबकारी विभाग की टीम ने यमुनानगर जिले में पहुंच कर शराब की दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया था। टीम ने यमुनानगर के एक शराब के गोदाम की जांच की तो गोदाम के स्टॉक की जांच थी। स्टॉक रिकार्ड के हिसाब से गोदाम में करीब दो हजार पेटी शराब कम मिली थी। जांच करने पहुंची टीम ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर यमुनानगर आबकारी विभाग को सौंप दी थी। इसके बाद गोदाम के लाइसेंस धारक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यमुनानगर आबकारी विभाग की टीम ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी।
बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में दो हजार पेटी कम मिली हैं उसमें पहले भी गड़बड़ी मिली थी। अभी तक लाइसेंस धारक परकार्रवाई नहीं की गई है। जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी कृष्ण यादव ने बताया कि गोदाम से दो हजार पेटी कम मिली है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी।