संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नई शराब पॉलिसी 12 जून को लागू हो जाएगी। जिले 55 में से 45 जोन के शराब के ठेके बचे हैं, जिनकी सोमवार आज फिर बोली होनी है। ऐसे में प्रशासन भी इन जोन के ठेकों की नीलामी करवाने के लिए शराब ठेकेदारों को मनाने में लगा है। ठेकेदारों को भय से मुक्त हो खुलकर ठेकों की बोली लगाने के लिए प्रोत्साहित कर बार-बार सुरक्षा का भरोसा दिया जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी यमुनानगर में बकाया जोन के ठेकों की नीलामी पर नजर रखे हुए है। अब देखना ठेकेदार आज कितने जोन के ठेकों की बोली लगाने के लिए सामने आएंगे। शराब कारोबार में जबसे गैंगस्टरों की एंट्री हुई है, तब से ठेकेदार इस व्यापार को करने से गुरेज कर रहे हैं। उन्हें अपनी जान के लाले पड़े हैं।
बीती 27 मई को गोबिंदपुरी रोड पर अंग्रेजी शराब के ठेके पर हुई फायरिंग ने शराब कारोबारियाें को दहशत में ला दिया है। सोमवार को 45 जोन के ठेकों की होने वाली बोली के लिए प्रशासन की तरफ से हर बार की तहर कड़े बंदोबस्त किए जा चुके हैं। नीलामी का आवंटन जिला सचिवालय में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी होगा।
नीलाम होने वाले ठेकों का रिजर्व प्राइज 403.76 करोड़ रुपये रखा गया है। इससे पहले बुधवार को 10 जोन का आवंटन हुआ था,जिसमें 82.76 करोड़ की बोलियां प्राप्त हुई थी, जो राज्य सरकार की ओर से निर्धारित कुल 81.01 करोड़ से 1.75 करोड़ अधिक है। नीलाम हुए 10 में से नौ जोन अंबाला के शराब कारोबारी महेंद्र सिंह ने खरीदे थे।
बुधवार को इन ठेकों की हुई थी नीलामी
बुधवार को हुई बोली के दौरान व्यासपुर छौली शराब का ठेका सबसे महंगा बिका। इसका 13 करोड़ 36 लाख रुपये था। दूसरे सबसे महंगा ठेका जगाधरी बस स्टैंड का रहा। जिसका रिजर्व प्राइज 11 करोड़ 39 लाख रुपये था। यह ठेका 11 करोड़, 52 लाख 11 हजार 111 में बिका। इसी तरह जोन 1 असगरपुर का रिजर्व प्राइज 6 करोड़ 40 लाख रुपये था। इसी तरह मुख्य साढौरा का ठेका अपने रिजर्व प्राइस से 21 लाख रुपये महंगा गया। इसका प्राइज साढ़े छह करोड़ रुपये था। बक्करवाला कोट ठेका दो लाख रुपये महंगा छूटा। इसका रिजर्व प्राइज 3.91 करोड़ था और यह 3.93 करोड़ रुपये में बिका। सारण सरस्वती नगर का रिजर्व प्राइज 9.40 करोड़ 30 लाख था। मानकपुर, मुबारकपुर का जोन आरक्षित मूल्य 7.52 करोड़ रुपये था। बस स्टैंड जगाधरी एसएल मार्केट का निर्धारित मूल्य 12 करोड़ 99 लाख रुपये रखा गया था।
सोमवार को दोबारा 45 जोन के ठेकों की बोली होनी है। बोली ऑनलाइन ही होगी। शाम पांच बजे ठेकों का आवंटन होगा। ठेकेदारों को बेझिझक बोली लगाने के लिए कहा गया है, अब देखते हैं कितनी बोली होती है। -आलोक पासी, डीईटीसी, जिला आबकारी एवं कराधान विभाग।