संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड हरियाणा का ध्रुव पद शिविर पंचकूला स्थित माता मनसा देवी कॉम्प्लेक्स के लक्ष्मी भवन में लगाया गया। शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से स्काउट्स, गाइड्स और मास्टर्स ने भाग लिया। शिविर में प्रतिभागियों को जीवन रक्षक विधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्यातिथि पूर्व शिक्षामंत्री एवं हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड्स के राज्य अध्यक्ष रामविलास शर्मा ने प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया और जीवन रक्षक विधाओं का लाइव डेमोंस्ट्रेशन देखा। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग की परंपरा केवल शिविर या वर्दी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का तरीका सिखाती है। शिविर में प्राथमिक चिकित्सा, आपदा में बचाव, रस्सी बंधन, तंबू निर्माण, ध्वज शिष्टाचार, परेड, कराटे व कुंग-फू, शारीरिक सौष्ठव हेतु हनुमान दंड, राम प्रसाद दंड, लाठी संचालन कला, बैंड वादन, मानव पिरामिड, योग और समूह गीत, नृत्य इत्यादि गतिविधियां करवाई गई।
जिले से भी हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स से जिला कोषाध्यक्ष एवं बीईओ पिरथी सैनी, जिला सचिव डॉ धर्मवीर खटकड़, जिला संगठन आयुक्त स्काउट राकेश गुप्ता, जिला संगठन आयुक्त गाइड राका शर्मा, बीओसी स्काउट दर्शन लाल ने भाग लिया।
इस ध्रुव पद शिविर में राज्य सचिव नवीन जयहिंद के नेतृत्व में राज्य भर से युवा स्काउट प्रशिक्षकों ने भाग लिया। उन्होंने स्काउट्स को सामाजिक जागरूकता, नागरिक कर्तव्यों और आपदा प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए। जिला सचिव डॉ. धर्मवीर खटकड़ ने बताया कि हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड हरियाणा की स्थापना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी।