संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वकीलों की ओर से जगाधरी एसडीएम कोर्ट का शुक्रवार को भी बहिष्कार जारी रहा। इस कोर्ट में कार्य के लिए एक भी वकील नहीं गया। वकीलों के एसडीएम कोर्ट से संबंधित कई प्रकार के मामले होते हैं।
वकीलों ने साफ कह दिया है जब तक इस मामले में कोई ठोस बात सामने नहीं आ जाती, तब वे एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार जारी रखेंगे। उधर, जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ का कहना है यह मामला निपट चुका है। अब सामान्य स्थिति है, जबकि वकील इस बात को नकार रहे। उनके अनुसार इस कोर्ट का बहिष्कार जारी है।
वकीलों का आरोप है जो महिला वकील बेबी का टीन शेड गिराया गया है, उसके पीछे जरूर राजनीतिक दबाव रहा होगा। अन्यथा प्रशासन के द्वारा की गई इस प्रकार की कार्रवाई से पहले इसकी सूचना देनी चाहिए थी। इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रांत चौहान के नेतृत्व में वकील सेशन जज से मिल चुके हैं। परंतु वकीलों में रोष अभी भी दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है 15 सितंबर की रात को प्रशासन ने अंधेरे में महिला वकील बेबी नागरा के चैंबर पर जेसीबी चलवा दी थी।
इसकी भनक वकीलों को लगने के बाद वे सभी मौके पर पहुंच गए थे। तब तक टीन का शेड गिराया जा चुका था। उस दौरान वकीलों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी बहस भी हुई। अगले दिन वे सेशन जज से मिले थे। वकीलों में रोष इस बात का है टीन शेड बिना किसी सूचना के कैसे तोड़ दिया गया।