संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यौन शोषण के मामले में सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह अभी तक सुराग नहीं लगा है। डॉक्टर कहां हैं किसी को कुछ अता पता नहीं। उधर, पुलिस आरोपी सीएमओ को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह तलाश रही है। पुलिस कई बार सिविल अस्पताल में आकर सीएमओ से संबंधित भी जानकारी जुटा चुकी है।
सीएमओ के दफ्तर के बाहर भी सन्नाटा पसरा पड़ा है। इस मामले में कोई भी डॉक्टर सामने आने को भी तैयार नहीं। सीएमओ के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है या नहीं। इसके बारे में भी कुछ पता नहीं। डॉ. मंजीत सिंह की 3 मिनट 26 सेकेंड की वो कॉल रिकॉर्डिंग उसके लिए गले की फांस बन चुकी है। इसी के आधार पर सीएमओ पर कानूनी शिकंजा कसा जा चुका है।
यह मोबाइल कॉल सीएमओ ने हेल्थ डिपार्टमेंट के तहत प्रोजेक्ट में लगी लेडी डॉक्टर को की थी। लेडी डॉक्टर की ओर से यह कॉल रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में कोर्ट के समक्ष पेश की गई। जिसके आधार पर आरोपी सीएमओ की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज हो गई। इससे सीएमओ की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उधर, पीड़ित लेडी डॉक्टर का अब आरोप है कि उसे केस वापस लेने के लिए आरोपी सीएमओ के परिजनों की ओर से डराया धमकाया जा रहा है। यहां तक कि उसे परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इस संदर्भ में पीड़िता ने आरोपी सीएमओ के परिजनों के खिलाफ शिकायत एसपी को सौंपी है।