जगाधरी। सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 12वीं कक्षा के विद्यार्थी लविश ने जिला युवा महोत्सव की चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का विषय नशा मुक्त युवा, विकसित भारत था। इस उपलब्धि पर लविश को 4100 रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई।
औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से 19 और 20 नवंबर को जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया गया था। चित्रकला प्रतियोगिता में 15 से 29 आयु वर्ग के विद्यार्थियों व युवाओं ने भाग लिया था। प्राचार्य सतीश कुमार गर्ग ने बताया कि लविश ने अपनी चित्रकला के माध्यम से नशामुक्त समाज और देश के विकास का संदेश प्रस्तुत किया।
उसकी कलाकृति में रचनात्मकता और विषय की प्रभावशाली प्रस्तुति देखने को मिली, जिसे निर्णायक मंडल ने सराहा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राचार्य सतीश कुमार गर्ग ने लविश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लविश की इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों में भी कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।