अशोक विहार कॉलोनी के पंद्रह घरों में भारी मात्रा में डेंगू का लारवा मिलने से स्वास्थ्य विभाग सकते में है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कॉलोनी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया। इससे पहले कॉलोनी में डेंगू का एक पॉजिटिव केस मिल चुका है।
कॉलोनी में डेंगू का एक पॉजिटिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मरीज व उसके आसपास के घरों में पानी की जांच की। जांच के दौरान टीम सदस्यों को 15 घरों में पानी की टंकी और कूलरों में से डेंगू का लारवा मिला। इसे देखकर कर्मचारियों को हाथ-पांव फूल गए।
इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना जिला मलेरिया अधिकारी अरुण सिंगला को दी। सूचना मिलने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अशोक विहार कॉलोनी में बब्बू रानी, दर्शन, सुनील कुमार, अशोक कुमार, मनिंदर, प्र्रेम चंद, रामलाल, रमेश, महिंद्र, स्वर्णा, सुमेर चंद, पालो देवी तथा डेंगू पॉजिटिव मरीज के अलावा आसपास के घरों में डेंगू मच्छर का लारवा मिला है। विभाग के कर्मचारियों ने लारवे को नष्ट कर दिया। इसके अलावा एंटी लारवा का छिड़काव और फोगिंग कर दी, ताकि कहर को बरपाने से रोका जा सके।
जांच में और मिल सकता है लारवा
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगर इस कॉलोनी में सभी घरों में गहनता से जांच की जाए, तो और भी घरों में डेंगू मच्छर का लारवा मिल सकता है। फिलहाल विभाग के कर्मचारियों ने डेंगू ग्रस्त लालचंद व उसके आसपास के घरों में जांच की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते डेंगू के लारवे को नष्ट नहीं किया जाता, तो वह मच्छर का रूप लेने के बाद क्षेत्र में अपना कहर बरपा सकता था।