संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने विष्णु नगर निवासी दीपक वर्मा से 723645 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने ट्रिप एडवाइजर कंपनी के नाम से संदेश भेजकर दीपक को जाल में फंसाया। पहले उसे टास्क पूरा करने पर अधिक रुपये दिए। बाद में ठगों ने बड़ा टास्क देकर अलग-अलग लाखों रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी वर्कशॉप के विष्णु नगर निवासी दीपक वर्मा ने साइबर क्राइम थाना पुलिस का दी शिकायत में बताया कि नौ मार्च को उसके मोबाइल पर ट्रिप एडवाइजर कंपनी से संदेश आया। जिसमें लिखा था कि आपको टास्क पूरा करने पर रुपये मिलेंगे। टास्क पूरा करने पर उसे 150 से 200 रुपये मिलने लगे। यह टास्क पेज को लाइक करने और स्क्रीनशॉट भेजने का था। तीन-चार दिन बाद अनजान नंबर से उसे फोन आया।
आरोपी ने उसे ट्रिप एडवाइजर कंपनी का कर्मी बताते हुए कहा कि अब उसे प्रीपेड टास्क में 90 टास्क पूरे करने है। ये टास्क पूरा करने पर उसे अधिक रुपये मिलेंगे। इसके लिए उसे रुपये देने होंगे। बातों में आकर पहले उसने एक हजार रुपये का टास्क लिया। जिसे पूरा करने पर उसे 1300 रुपये मिले। इसके बाद उससे पांच हजार रुपये, 15 हजार और 50 हजार रुपये टास्क के लिए जमा कराए। जब वह रुपये निकालने लगा तो वह रुपये नहीं निकले।
जब उसने इस बारे में आरोपी से संपर्क किया तो उसने बताया कि आपका टास्क फेल हो गया है। दोबारा से नया टास्क लेना पड़ेगा। उसने 10 हजार रुपये का नया टास्क लिया। उसमें उसे 18138 रुपये मिले। दोबारा उसने 10 हजार का टास्क किया लेकिन उसे 45471 रुपये का टास्क करने के लिए कहा गया। जिसके बदले उसे कुछ नहीं मिला। आरोपी कहने लगा कि उसके रुपये तभी आएंगे, जब आगे के टास्क पूरे करोगे। अगले टास्क में उससे 131251 रुपये का टास्क लगवाया।
इसके बाद अलग-अलग कर अपने क्रेडिट कार्ड से 723645 रुपये जमा करवा लिए। उसके बदले उसे एक भी रुपये नहीं भेजा। इस तरह साइबर ठगों ने उससे 723645 रुपये की ऑनलाइन ठगी की। उसने पहले इसकी शिकायत ऑनलाइन की। अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यवसायी से साइबर ठगों ने 1.47 लाख हड़पे
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट चार्ज सर्विस बंद करने के नाम पर व्यवसायी विख्यात लांबा से 147323 रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।
शिकायत में मॉडल टाउन निवासी विख्यात लांबा ने बताया कि उसका खुद का बिजनेस है। नौ अप्रैल को दोपहर उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे कहा कि उनके इंडसंड क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चार्ज लगे हुए हैं, जिससे आपके क्रेडिट कार्ड से रुपये कटते हैं। क्या आप यह सर्विस बंद करवाना चाहते है। उसने फेक कॉल समझ कर तुरंत फोन काट दिया।
इसके तुरंत बाद उसके मोबाइल पर लगातार तीन ओटीपी आए। उसने यह ओटीपी किसी को नहीं बताए। इसके तुरंत बाद उसके क्रेडिट कार्ड से पहले 49277, फिर 49277 और तीसरी बार में 48769 रुपये निकलने का संदेश आया। चौथी बार भी उसके फोन पर ओटीपी आया। इसके बाद 10161 रुपये की ट्रांजेक्शन रिजेक्ट हो गई।
उसने इस बारे में तुरंत साइबर हेल्पलाइन के 1930 नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करवाई कि साइबर ठग ने उससे 147323 रुपये की ऑनलाइन ठगी की। साइबर क्राइम थाना पुलिस के जांच अधिकारी बलबीर सिंह का कहना है कि विख्यात लांबा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।