संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। तेजली खेल परिसर में खेल विभाग व जिला फुटबॉल संघ की ओर से चलाई जा रही आवासीय फुटबॉल अकादमी में प्रदेशभर से आए 25 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण तो मिल रहा है, परंतु प्रशिक्षण के साथ जरूरी सुविधाओं का अभाव खिलाड़ियों की दिनचर्या पर भारी पड़ रहा है। अकादमी में न कॉमन रूम है और न ही टीवी, अखबार, पुस्तकालय, कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अकादमी में खिलाड़ियों के शारीरिक विकास के लिए जिम की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। प्रशिक्षण के बाद व्यायाम और फिटनेस के लिए खिलाड़ियों को अकादमी से बाहर जाना पड़ता है। इससे खिलाड़ियों को अतिरिक्त समय लग रहा है और जेब पर बोझ पड़ रहा है। खिलाड़ियों के लिए सर्दियों में गर्म पानी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है।
विभाग की ओर से खिलाड़ियों को भोजन उपलब्ध करवाया जाता है, परंतु नियमित डाइटिशियन की सुविधा नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को खेल के अनुसार पोषण संबंधी सलाह लेने में परेशानी होती है। फुटबॉल जैसे शारीरिक रूप से मांग खेल में संतुलित डाइट खिलाड़ियों की फिटनेस का अहम हिस्सा है।
अकादमी में स्टडी रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा न होने से खिलाड़ियों को पढ़ाई और ऑनलाइन अध्ययन के लिए भी बाहर या अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ती है। वहीं, टीवी और अखबार की सुविधा न होने से खिलाड़ी देश-दुनिया और खेल जगत की खबरों से भी नियमित रूप से जुड़े नहीं रह पा रहे हैं।
खिलाड़ियों के अनुसार आवासीय अकादमी में टीवी, वाई-फाई, अखबार के साथ टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज जैसे इनडोर खेलों की सुविधा होनी चाहिए। मगर यहां प्रशिक्षण, रहने और भोजन के अलावा कई जरूरी सुविधाओं का इंतजाम खिलाड़ियों को खुद करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि अकादमी में खेल प्रशिक्षण के साथ बेहतर आवासीय माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अकादमी में मनोरंजन के लिए टीवी व व्यायाम के लिए जिम व अन्य सुविधाओं की मांग निदेशालय से की गई है। बजट मिलने पर सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। कार्यालय स्तर की सुविधाओं के लिए अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्था करवाई जाएगी। - शिल्पा गुप्ता, जिला खेल अधिकारी।